एम्स, नई दिल्ली में आमंत्रित वक्ता बनीं डॉ. जयन्ती थुमसी, रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी पर प्रतिष्ठित पुस्तक में लिखा अध्याय
अटल बिहारी वाजपेयी ट्रस्ट – अभाव फाउंडेशन ने दी हार्दिक बधाई, बताया चिकित्सा जगत के लिए गौरव का क्षण
मल्हार, छत्तीसगढ़। अटल बिहारी वाजपेयी ट्रस्ट – अभाव फाउंडेशन, बिलासपुर की मानद सलाहकार (स्तन स्वास्थ्य जागरूकता) एवं देश की प्रख्यात ब्रेस्ट ऑन्को सर्जन डॉ. जयन्ती थुमसी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली में आयोजित रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी कैडेवरिक कार्यशाला में आमंत्रित वक्ता के रूप में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया।
इस प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रम में भारत एवं विदेश के अग्रणी विशेषज्ञों ने सहभागिता की। देशभर से 200 से अधिक शल्य चिकित्सकों, चिकित्सा विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने इस कार्यशाला में भाग लिया। डॉ. जयन्ती थुमसी ने रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी की नवीनतम तकनीकों, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा रोगी-केंद्रित चिकित्सा पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिन्हें प्रतिभागियों ने अत्यंत सराहा।
कार्यक्रम की एक और विशेष उपलब्धि यह रही कि डॉ. जयन्ती थुमसी ने “रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी : प्रिंसिपल्स एंड प्रैक्टिस” नामक प्रतिष्ठित पुस्तक में एक महत्वपूर्ण अध्याय का लेखन भी किया है। यह पुस्तक रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी के क्षेत्र में चिकित्सकों एवं शल्य चिकित्सकों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ के रूप में देखी जा रही है।
अटल बिहारी वाजपेयी ट्रस्ट – अभाव फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष श्री जी.पी. तिवारी ने डॉ. जयन्ती थुमसी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके व्यक्तिगत उत्कृष्ट कार्य का सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय चिकित्सा विज्ञान की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. थुमसी आधुनिक चिकित्सा, शोध, प्रशिक्षण एवं स्तन कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं और समाज को समय पर जाँच, शीघ्र निदान तथा गुणवत्तापूर्ण उपचार के प्रति निरंतर जागरूक कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट को गर्व है कि डॉ. जयन्ती थुमसी संस्था की मानद सलाहकार (स्तन स्वास्थ्य जागरूकता) के रूप में अपने अनुभव एवं मार्गदर्शन से विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों को सशक्त बना रही हैं। उनका ज्ञान और समर्पण देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अटल बिहारी वाजपेयी ट्रस्ट – अभाव फाउंडेशन ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. जयन्ती थुमसी भविष्य में भी चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, रोबोटिक शल्य चिकित्सा एवं कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी तथा देश और समाज को अपने ज्ञान एवं अनुभव से निरंतर लाभान्वित करती रहेंगी।
ट्रस्ट परिवार ने डॉ. जयन्ती थुमसी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना की है।


