गोदाम में सो रहे सुपरवाइजर की हत्या, कैमरे में कैद हुआ संदिग्ध युवक
तोरवा पुलिस मामले की जांच में जुटी
बिलासपुर। गोदाम में सो रहे रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। अज्ञात आरोपी ने किसी धारदार हथियार से सुपरवाइजर के सिर पर हमला किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक हथौड़ा लेकर घुमते हुए नजर आ रहा है। पुलिस युवक की पहचान में जुटी है।
तोरवा पुलिस ने बताया कि बिहार के आरा जिले नरेश कुमार गुप्ता आरपीएफ कॉलोनी के पास रहता था। पिछले 2 साल से बिलासपुर में रहकर सुपरवाइजर के साथ चौकीदारी का काम कर रहा था। नरेश रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े सामान के गोदाम की रखवाली करता था। गुरुवार की सुबह उसका शव आरपीएफ कॉलोनी में पानी टंकी के पास खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीफ और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। ठेकेदार के मुताबिक नरेश उसके गांव का ही रहने वाला था। काम के लिए उसे बिलासपुर लाया गया था।
डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची
पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया हैं। इसकी उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
चोरी या रंजिश दोनों एंगल पर जांच
पुलिस जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं चोरी की नीयत से वारदात तो नहीं की गई या फिर हत्या के पीछे आपसी रंजिश कोई वजह है। पुलिस आसपास के लोगों और संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।


