डॉ.तिवारी विश्व साहित्य सद्भाव परिषद के जिला अध्यक्ष मनोनीत
मुंबई/मुंगेली।साहित्य, संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को समर्पित अंतरराष्ट्रीय संगठन विश्व साहित्य सद्भाव परिषद (भारत)ने संगठन विस्तार के तहत यह नियुक्ति की है।
गौरतलब हो कि यह अखिल भारतीय संगठन “प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स” का साहित्यिक प्रकोष्ठ है।
परिषद की राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती शशि दीप, मुंबई ने सलाहकार मंडल की सहमति से छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के वरिष्ठ साहित्यकार, शिक्षाविद और समाजसेवी डॉ.सत्य नारायण तिवारी को आगामी आदेश तक मुंगेली जिला इकाई का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है।
श्रीमती शशि दीप ने बताया कि डॉ.तिवारी लंबे समय से साहित्य सृजन हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी साहित्यिक सेवाओं और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उनके नेतृत्व में जिले के साहित्यकारों को एक मंच पर लाकर गोष्ठियों, कवि सम्मेलनों और युवा चेतना कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस मनोनयन पर डॉ.तिवारी ने परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद खालिद कैसऔर राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती शशि दीप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी है। वे मुंगेली को साहित्य के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने और “साहित्य से सद्भाव और सद्भाव से राष्ट्र निर्माण” के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे।


