पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक पर चाकू से किया था हमला, आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद से चल रहा था फरार, कोरबा के घंटाघर से सीपत पुलिस ने पकड़ा; बटनदार चाकू बरामद
बिलासपुर.  सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रमाशंकर सिदार (45 वर्ष), निवासी मुड़पार मौहारपारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और घायल युवक रितिक कश्यप उर्फ करन के बीच अवैध संबंध हैं। इसी संदेह के चलते वह रितिक से दुश्मनी रखता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पेट और सीने पर चाकू से किया था हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। ग्राम मुड़पार भाठापारा निवासी समीर कुर्मी (19 वर्ष) ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रमाशंकर सिदार ने उसके भाई रितिक कश्यप पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। आरोपी ने रितिक के पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट पहुंचाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
घटना के बाद से फरार था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीपत थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर कोरबा में घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कोरबा के घंटाघर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कोरबा रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसे हिरासत में लेकर सीपत थाना लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने रितिक कश्यप के साथ अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंध होने के संदेह को हमले की वजह बताया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बटनदार चाकू बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *