अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में कोटा से मुंबई लाए गए तीन मुख्य आरोपी
मुंबई. अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस तीनों आरोपियों को सड़क मार्ग से कोटा से मुंबई लेकर आई और यहां पहुंचते ही अनिवार्य चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया।
आरोपियों को चिकित्सकीय जांच के बाद पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ (एईसी) के कार्यालय ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, मूल रूप से बिहार के बेगूसराय के रहने वाले और वर्तमान में मुंबई में रह रहे ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन तथा हरियाणा निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है।
कोटा शहर की पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया था। मुंबई पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और वहां एक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
अदालत ने आरोपियों को मुंबई ले जाने के लिए ‘ट्रांजिट रिमांड’ की मंजूरी दे दी। इस बीच, अधिवक्ता अजिंक्य मिरगल बुधवार सुबह मुंबई में एईसी के कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को बताया कि वह इस मामले में आरोपियों की ओर से पैरवी करेंगे।
मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर रविवार शाम गोलियां चलाई थीं और वे फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। इस हमले में अभिनेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई लेकिन उनका वाहन चालक और घटनास्थल के पास मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गए थे।


