19वें डांस फेस्ट में 335 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा, शहर की शाम्भावि को मिला दूसरा स्थान
भरतनाट्यम की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बिलासपुर। राजधानी रायपुर के रंगमंदिर ऑडिटोरियम में आयोजित 19वें डांस फेस्ट 2026 में युवा कलाकारों ने शास्त्रीय नृत्य के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में बिलासपुर की शाम्भावि पाण्डेय ने द्वितीय और शानवी पाहवा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
16 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस नृत्य उत्सव में देशभर से करीब 335 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भरतनाट्यम, कथक और मोहिनीअट्टम जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और परंपरा से रूबरू कराया। प्रतियोगिता के दौरान कलाकारों ने पारंपरिक मुद्राओं, भाव-भंगिमाओं और लय-ताल के समन्वय से अपनी कला का प्रदर्शन किया। भरतनाट्यम की प्रस्तुतियों में हाथों की मुद्राओं, चेहरे के भावों और पद संचालन के माध्यम से भावों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति देखने को मिली। कलाकारों की नियमित साधना और मंच पर आत्मविश्वास ने प्रस्तुतियों को खास बनाया।
युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा
प्रतियोगिता में स्थान हासिल करने वाले तीनों कलाकारों की उपलब्धि से उनके परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। डांस फेस्ट जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं को बड़े मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों के बीच अनुभव साझा करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका भी मिलता है।


