पुराने जेवर को चमकाने का झांसा देकर तोला सोना ले गए ठग
सिविल लाइन पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू की
बिलासपुर। पुराने जेवर को चमकाने का झांसा देकर ठग ने महिला से दो तोला सोना को लेकर फरार हो गए। महिला को पता चलते ही शोर मचाई, तब तक ठग भाग निकले थे। इस मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि मंगला के दीनदयाल कॉलोनी निवासी स्मृति तिवारी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने जले हुए स्टील के बर्तन को चमकाने की बात कही। उनकी बात पर महिला ने पहले उन्हें स्टील का बर्तन दिया। युवकों ने उसे चमका कर वापस कर दिया। इसके बाद उन्होंने पीतल के बर्तन मांगे। पीतल का बर्तन भी चमकाकर देने के बाद दोनों ने महिला की सास से चांदी की पायल ली और उसे चमकाकर वापस कर दिया। इस तरह भरोसा कायम करने के बाद युवकों ने स्मृति तिवारी से सोने के जेवर चमकाने के लिए देने को कहा। उनकी बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और बाली उन्हें दे दी। दोनों ने महिला के सामने ही एक बर्तन में पील पाउडर डालकर उसमें सोने के जेवर रखने का नाटक किया। इसके बाद बर्तन को गर्म करने की बात कहते हुए प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी दौरान महिला को युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। उसने बर्तन में हाथ डालकर देखा तो उसमें सोने के जेवर नहीं थे। महिला ने शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुलाने का प्रयास किया। खुद को फंसता देख दोनों युवक मौके से भाग निकले।
चप्पल-जूते छोडक़र फरार
आरोपी दोनों युवक बाइक से आए थे और भागते समय अपने चप्पल-जूते तक मौके पर छोड़ गए। महिला ने तत्काल घटना की जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस अब मौके पर मिले सामान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


