इनरव्हील ने दो प्रतिभावान छात्राओं का हाथ थामा
बिलासपुर. आर्थिक तंगी के कारण राष्ट्रीय पेंचक सिलाट (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में भाग लेने का सपना अधूरा रह जाने की स्थिति में पहुँची स्लम एरिया की दो प्रतिभाशाली छात्राओं का हाथ इनरव्हील क्लब बिलासपुर ने थाम लिया।
बालमुकुंद हायर सेकेंडरी स्कूल की कुमारी ललिता अहिरवार (कक्षा 12वीं) एवं कंचन यादव (कक्षा 10वीं) का चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ था लेकिन आर्थिक अभाव के कारण उनके लिए यात्रा एवं खेल सामग्री का खर्च उठाना संभव नहीं था।
बालमुकुंद हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या एवं इनरव्हील क्लब बिलासपुर की सचिव श्रीमती निशा क्षट्री ने छात्राओं की विकट स्थिति से क्लब को अवगत कराया। बेटियों की प्रतिभा को सम्मान देते हुए इनरव्हील क्लब ने तत्काल दोनों खिलाड़ियों को खेल किट एवं आवश्यक आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की जिससे उनका राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
मेडल जीतकर बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव
इनरव्हील क्लब के सहयोग और संबल से दोनों छात्राओं ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ राज्य, बालमुकुंद स्कूल एवं इनरव्हील क्लब बिलासपुर का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया।
बेटियों की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके परिवार में विशेष हर्ष की लहर है और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं दूसरी ओर, स्कूल के अन्य बच्चों में भी जबरदस्त उत्साहवर्धन हुआ है। स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं अब खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और उनमें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा जागी है। आज इन बेटियों ने इस स्कूल के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना ली है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है।
प्राचार्या निशा क्षत्रि ने इनरव्हील क्लब की इस त्वरित और सहृदय पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर मिला यह सहयोग इन बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने में मील का पत्थर साबित हुआ। उल्लेखनीय है कि बालमुकुंद स्कूल पिछले 40 वर्षों से निरंतर स्लम क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा एवं खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने का अनुकरणीय कार्य कर रहा है।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने, बेटियों का उत्साहवर्धन करने और स्लम क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में इनरव्हील क्लब के निम्नलिखित सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं क्लब के अन्य साथियों के साथ मिलकर वित्तीय व मानसिक सहयोग प्रदान किया-अनुभूति मरहास, संगीता बनाफर, रेखा सक्सेना ,ऋचा श्रीवास्तव मोना पाठक,रूबी छाबड़ा ,ज्योति सक्सेना, सरिता अग्रवाल, साथ ही रश्मि जायसवाल एवं मंजू ढांढरिया की ऊर्जावान उपस्थिती रही।


