शिवनाथ नदी में बहने के बाद 10 दिन से लापता है मछुआरा

मस्तूरी.- पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरा निवासी 28 वर्षीय मछुआरे सुखदेव केंवट के शिवनाथ नदी में बहने के नौ दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना से परिवार और ग्रामीणों में गहरी चिंता और निराशा है। परिजनों ने जिला प्रशासन से विशेष खोज दल लगाकर युवक की तलाश कराने की मांग की है।
गौरतलब हो कि सुखदेव केंवट गत गुरुवार को गांव के अन्य लोगों के साथ शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी की धारा में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस, एसडीआरएफ, लवन पुलिस, पामगढ़ पुलिस तथा आसपास के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात जांजगीर-चांपा जिले के देवरघटा क्षेत्र के पास नदी में एक शव दिखाई देने की जानकारी मिली थी, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। परिजनों का कहना है कि शुरुआती दिनों में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अब खोज की रफ्तार धीमी पड़ गई है। दस दिन बीत जाने के बाद भी सुखदेव का पता नहीं चलने से परिवार का धैर्य जवाब देने लगा है। उन्होंने प्रशासन से एसडीआरएफ या विशेष जल खोज दल की सहायता लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक की तलाश तेज करने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक सुखदेव का पता नहीं चलता, तब तक परिवार को मानसिक शांति नहीं मिल सकेगी। वहीं प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *