6 आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 वर्षीय मासूम बच्चे को नोंच-नोंचकर मार डाला
पीडि़त परिवार को 1 लाख की त्वरित सहायता
कोरबा। दादर इलाके में गुरुवार की देर शाम आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर निगम प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद आज शुक्रवार की सुबह बरसते पानी के बीच निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने निगम अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का सघन भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
आयुक्त के कड़े निर्देश पर निगम की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दादर क्षेत्र में अभियान चलाया और करीब 20 आवारा कुत्तों को पकडक़र वहां से हटाया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन उन्होंने इस अभियान को निरंतर जारी रखने की मांग की है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत के निर्देश पर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए 1 लाख रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है।
बच्चे को नोंच-नोंचकर मार डाला
बता दें कि जांजगीर-चांपा निवासी किशोर पटेल के 5 वर्षीय पुत्र प्रकाश पटेल को गुरुवार शाम करीब 4 बजे दादर इलाके में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर बुरी तरह नोच डाला था, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पूरे कोरबा शहर में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


