धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कृषि मंत्री चौबे


बिलासपुर. कृषि, जल संसाधन, विधि विधायी संसदीय कार्य मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने सेंदरी स्थित धान खरीदी केन्द्र परिसर में क्षेत्र के किसानों से रूबरू चर्चा की। इस दौरान उन्होंने किसानों से धान खरीदी केन्द्र में व्यवस्था, टोकन जारी करने, प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी एवं भुगतान तथा बेमौसम बारिश से धान खरीदी प्रभावित होने के संबंध में जानकारी ली। कृषि मंत्री के साथ स्कूल शिक्षा, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं सहकारिता मंत्री डाॅ.प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मो.अकबर, विधायकद्वय श्री शैलेष पाण्डेय एवं श्रीमती रश्मि सिंह मौजूद थे। कृषि मंत्री श्री चौबे ने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि धान खरीदी मुख्यंमत्री श्री भूपेश बघेल की नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के ऊपज धान को निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप खरीदी की जाएगी। उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। कृषि मंत्री ने बेमौसम बारिश से धान खरीदी में प्रभावित होने के संबंध में भी जानकारी ली।


स्कूल शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डाॅ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने भी किसानों को संबोधित करते हुए धान खरीदी के संबंध में जानकारी दी। तत्पश्चात कृषि मंत्री एवं सहकारिता मंत्री ने धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करते हुए किसानों से धान तौलाई के संबंध में जानकारी ली। उक्त खरीदी केन्द्र में लगभग 27 हजार 500 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। इस वर्ष वहां 35 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। अब तक लगभग 80 प्रतिशत धान की खरीदी जी जा चुकी है। सेंदरी सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री भारद्वाज एवं श्री कमलेश सिंह ने खरीदी केन्द्र मंे किसानों के लिये की गई व्यवस्था, छाया-पानी एवं वृक्षारोपण के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान किसानों ने क्षेत्र में स्थापित पावर प्लांट से हो रहे पर्यावरण प्रदूषण से फसल प्रभावित होने के संबंध में मंत्री जी का ध्यान आकर्षित कराया। किसानों को श्री अटल श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम श्री विजय केशरवानी, श्री अभय नारायण राय, श्री राजू यादव, कलेक्टर डाॅ.संजय अलंग, एस.पी. श्री प्रशांत अग्रवाल, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्र के किसान मौजूद थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!