रक्षाबंधन के पूर्व संध्या पर एनएसएस की बहनों ने पुलिस सहायता केंद्र मल्हार पहुंचकर पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

 

मल्हार। रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), बद्री प्रसाद देवांगन मध्य नगरीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मल्हार की बहनों ने पुलिस सहायता केंद्र मल्हार (पुलिस चौकी मल्हार) पहुंचकर पुलिसकर्मी भाइयों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता एवं सम्मान के साथ मनाया।

इस अवसर पर एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा उन्हें मिठाई खिलाई। पुलिसकर्मी भाइयों ने भी बहनों को मिठाई खिलाकर उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया और सदैव उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया।

एनएसएस की बहनों द्वारा पुलिसकर्मी भाइयों का सम्मान करते हुए उन्हें पेन एवं रुमाल भेंट किए गए। इस भावनात्मक एवं आत्मीय अवसर पर पुलिसकर्मियों द्वारा बहनों को आशीर्वाद देते हुए सुरक्षा का वचन दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने बहनों एवं उपस्थित विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री करुणेश कुमार नापित ने पुलिसकर्मी भाइयों एवं एनएसएस की बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं सुरक्षा की भावना को और मजबूत करता है।

उक्त कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रदीप कुमार वैष्णव के आशीर्वाद तथा डॉ. मनोज सिन्हा (कार्यक्रम समन्वयक), डॉ. कांति अंचल (पूर्व जिला संगठक) एवं श्री शीतेश जैन (जिला संगठक) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

बिलासपुर पुलिस द्वारा इस आत्मीय पहल के लिए एनएसएस की बहनों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि पुलिस और समाज के बीच ऐसे स्नेहपूर्ण संबंध सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *