बदमाश युवकों ने हाथ पैर को पकडक़र बुजुर्ग को कीटनाशक पिलाया, मौत
हिर्री पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
बिलासपुर। खेत की फसल को मवेशियों ने नुकसान पहुंचा दिया। इसी बात से नाराज होकर चार युवकों ने जबरदस्ती बुजुर्ग को कीटनाशक दवा पीला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों व एक नबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हिर्री पुलिस ने बताया कि ग्राम पथरापाली निवासी राजू निर्मलकर पिता कोदू निर्मलकर (58) की मौत 28 अगस्त 2026 को हो गई। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी शीला निर्मलकर (55) का कथन, घटना स्थल का निरीक्षण, मर्ग इंटीमेशन पंचनामा कार्यवाही के अवलोकन किया। तब पता चला कि खेत की फसल को चराने की बात को लेकर गोलू उर्फ जगजीवन पठारी (31) निवासी मुरू, मनमोहन पठारी (30) निवासी मुरू, संदीप यादव (21) निवासी पथराली थाना हिर्री, राकेश निर्मलकर (26) निवासी अमसेना थाना हिर्री व एक नाबालिग के द्वारा राजू को पकडक़र कीटनाशक दवाई को जबरदस्ती पिला कर हत्या करना पाया। पुलिस ने धारा 103(1),3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया। आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी का मेमोरण्डम कथन लिया गया, जिसमें वह जुर्म स्वीकार करते हुए हत्या करने की नियत से अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक को कीटनाशक औषधि पिलाना व डिब्बे को घटना स्थल के पास झाडिय़ों में छिपाना बताया।


