June 8, 2025
मणिपुर में उग्र प्रदर्शन :5 जिलों में कर्फ्यू और इंटरनेट बंद
संगठन के एक नेता की गिरफ्तारी के बाद भड़के लोग
इंफाल. मणिपुर में शनिवार को अरंबाई तेंगगोल (मैतेई संगठन) के एक नेता की गिरफ्तारी के बाद भड़के विरोध प्रदर्शनों ने रविवार को और उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी के विरोध में खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर प्रतीकात्मक आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। इसके मद्देनज़र प्रशासन ने इंफाल घाटी के पांच जिलों—इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, विष्णुपुर और काकचिंग—में निषेधाज्ञा लागू कर दी है, वहीं इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने इंफाल के क्वाकैतल और यूरिपोक क्षेत्रों में सड़कों पर टायर और पुराने फर्नीचर जलाकर सड़कें जाम कीं। शनिवार रात राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा बलों के साथ उनकी झड़पें हुईं। इंफाल ईस्ट के खुरई लमलोंग इलाके में एक भीड़ ने एक बस में आग भी लगा दी।