October 12, 2025
बीजेपी-जेडीयू की बराबर साझेदारी; 101-101 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

पटना. बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 243 सदस्यीय विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए रविवार को अपनी सीट-बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया। इसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेंगी। बाकी सीट पर छोटे सहयोगी दल अपने उम्मीदवार उतारेंगे।
जद(यू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, उपमुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी नेता सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के ‘एक्स’ हैंडल पर यह घोषणा की गई। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीट दिए जाने पर सहमत हो गई है। “कम से कम 15 सीट” देने की मांग कर रही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को केवल छह सीट दी गई हैं।

