छत्तीसगढ़ सहकारी बैंक के जिलाध्यक्ष बने रजनीश सिंह
राज्य सरकार ने प्रदेशभर के जिलाध्यक्षों की सूची जारी की
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाओं के प्रस्ताव के आधार पर प्रदेश की 8 सहकारी बैंकों और सोसाइटियों में नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं।
राज्य सरकार के जारी निर्देश के मुताबिक बिलासपुर जिले में रजनीश सिंह (पूर्व विधायक बेलतरा) को अध्यक्ष और रजनी साहू को उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं।
विधानसभा चुनाव में बिलासपुर जिले के बेलतरा से टिकट कटने के बाद पूर्व विधायक रजनीश सिंह को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का अध्यक्ष बनाकर संतुष्ट किया गया है। टिकट कटने के बाद भी रजनीश सिंह ने पार्टी के निर्णय का कोई विरोध नहीं किया। लेकिन, समर्थकों में निराशा थी। अब पार्टी ने उनकी सक्रियता को देखते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राज्य स्तर से आदेश जारी किया गया है। इसके तहत बैंक के बोर्ड की शक्तियों के संचालन के लिए गठित अशासकीय व्यक्तियों की समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई है।


