गुलशन ग्रोवर की मौजूदगी में अमन नागपाल की नई उड़ान

मुंबई /अनिल बेदाग : मुंबई की चमकती शाम उस वक्त और खास बन गई, जब दोस्ती, संगीत और सपनों का खूबसूरत संगम देखने को मिला। एक ओर था नए सफर की शुरुआत का उत्साह, तो दूसरी ओर साथ खड़े थे इंडस्ट्री के अनुभवी चेहरे, जो इस पल को यादगार बनाने आए थे। मौका था अमन नागपाल के पहले म्यूजिक वीडियो ‘रांझा’ और उनकी म्यूजिक कंपनी स्काई एंटरटेनमेंट म्यूजिक के आधिकारिक लॉन्च का।
इस खास इवेंट में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गुलशन ग्रोवर चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुए। अमन के पुराने और करीबी दोस्त होने के नाते उनकी मौजूदगी ने शाम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम में दिग्गज अभिनेता राज़ा मुराद और अभिनेत्री निहारिका रायजादा की उपस्थिति ने रौनक बढ़ाई, जबकि पूरे इवेंट को अभिनेत्री मानिनी डे  ने खूबसूरती से होस्ट किया।
‘रांझा’ – एक सोलफुल म्यूजिकल एहसास
‘रांझा’ में अमन नागपाल के साथ ऋषभ बोर्चेटिया, सनाह मोइदुट्टी और के.के. शर्मा नजर आ रहे हैं। यह गीत प्यार, तड़प और उन अधूरी भावनाओं की कहानी कहता है, जो वक्त गुजरने के बाद भी दिल में जिंदा रहती हैं। सॉफ्ट मेलोडी और गहराई से भरे बोल इस गाने को एक सोलफुल अनुभव बनाते हैं।
इस म्यूजिक वीडियो को प्रोड्यूस किया है अमन नागपाल ने। आवाज दी है ऋषभ बोर्चेटिया और सनाह मोइदुट्टी ने। म्यूजिक कंपोज और प्रोड्यूस ऋषभ बोर्चेटिया ने किया है, जबकि गीत के बोल के.के. शर्मा ने लिखे हैं। वीडियो का निर्देशन जोशुआ जॉर्ज जॉन ने किया है और कहानी व लेखन अखिल शर्मा व जोशुआ जॉर्ज जॉन ने मिलकर किया है। सिनेमेटोग्राफी की जिम्मेदारी भाविका डौलतान ने संभाली है।
परिवार और दोस्ती का भावनात्मक साथ
इस शाम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब अमन नागपाल के पिता हरीश चंद नागपाल और भाई ऋषभ नागपाल भी मंच पर मौजूद रहे। परिवार का यह साथ अमन के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बना।
गुलशन ग्रोवर ने कहा, “अमन सिर्फ टैलेंटेड और मेहनती ही नहीं, बल्कि मेरे बहुत अच्छे दोस्त भी हैं। मुझे बेहद खुशी है कि मैं उनके म्यूजिक सफर की शुरुआत का हिस्सा हूं। ‘रांझा’ दिल और भावनाओं से भरा गाना है और दर्शक इससे जुड़ाव जरूर महसूस करेंगे।”
अमन नागपाल ने भावुक होते हुए कहा,
“‘रांझा’ को अपनी म्यूजिक कंपनी स्काई एंटरटेनमेंट म्यूजिक के साथ लॉन्च करना मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। गुलशन सर का यहां आना इस पल को और खास बना देता है। मेरे पिता और भाई का यहां होना मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी है।” यह शाम सिर्फ एक म्यूजिक वीडियो लॉन्च नहीं थी, बल्कि दोस्ती, परिवार और सपनों की उड़ान का जश्न थी—जहां एक नई शुरुआत ने बॉलीवुड की चमक के बीच अपनी खास पहचान दर्ज कराई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!