मलेरिया अलर्ट, चार बच्चे सिम्स में भर्ती, 72 गांव डेंजर जोन घोषित

बिलासपुर। कोटा विधानसभा क्षेत्र के जंगल क्षेत्र में मलेरिया दस्तक दे चुका है। एक ही परिवार के तीन बच्चे व नवाडीह गांव के एक बालक मलेरिया से संक्रमित हैं। सभी को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के 72 गांवों को मलेरिया प्रभावित जोन घोषित किया है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। गांवों में स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों का इलाज किया जा रहा है।
कोटा मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर औरापानी गांव के अंदर जंगल में रामलाल यादव अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार में छह सदस्य हैं, जिनमें राकेश, लोकेश और हेमलता की तबीयत खराब हुई। ब्लड जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में तीनों बच्चे मलेरिया संक्रमित बताया गया। इसके अलावा नवाडीह में एक बच्चे संक्रमित मिला है। सभी मरीजों का सिम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कोटा क्षेत्र औरापानी गांव पहुंची। डॉ. वीके वैष्णव और मलेरिया अधिकारी कृष्णा कुमारी ने परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की। इनमें संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। विभाग ने परिवार की लगातार निगरानी रखने की बात कही है।

150 ग्रामीणों की जांच की गई
औरापानी में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में करीब 150 ग्रामीणों की जांच की गई। सर्दी, खांसी और बुखार से पीडि़त लोगों को दवाइयां दी गई, जबकि संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बेलगहना, आमाडोप और आसपास के उप स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विभाग सर्वे, जांच और जागरूकता अभियान चला रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *