असम में शांति और विकास के लिए भाजपा की हैट्रिक जरूरी : मोदी
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को असम के भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि राज्य ने लंबे समय तक अस्थिरता और हिंसा का दौर देखा है, लेकिन पिछले एक दशक में स्थितियां बदली हैं। ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल-इंजन सरकार ने राज्य में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए हैं।
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता को याद दिलाएं कि कांग्रेस के शासनकाल में समझौते केवल कागजों तक सीमित थे और सुर्खियां बटोरने के लिए किए जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बोडो मुद्दे के साथ विश्वासघात किया, जिससे युवाओं को अशांति की ओर धकेला गया। मोदी ने कहा, “हमने वह दौर देखा है जब असम हिंसा की आग में जल रहा था, लेकिन आज राज्य में एक नया आत्मविश्वास दिख रहा है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने विभिन्न संगठनों के साथ 12 शांति समझौते कर उग्रवाद को समाप्त किया है।”


