खंभे से टकराकर पलटी बस, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल
चंडीगढ़. पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। यह हादसा बस्सी पठाना इलाके के पास गांव हिम्मतपुरा में देर रात उस समय हुआ, जब आनंदपुर साहिब में बैसाखी मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। ये सभी श्रद्धालु बस्सी पठाना के नजदीक गांव मैण माजरी के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि बस में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण वह बेकाबू होकर खंभे से टकरा गई। बस पलटने के बाद उसमें अचानक करंट आ गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस में कोई खराबी आ गई थी जिसके बाद वह सड़क पर पलट गई। फतेहगढ़ साहिब के पुलिस उपाधीक्षक राज कुमार ने बताया कि इस घटना में एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।


