बीजेपी नेता को रतनपुर थाने में मारे 20 थप्पड़, एएसआई पर एफआईआर दर्ज
बिलासपुर। बिलापुर जिले में पहली बार ऐसा मामला सामने आया है कि जिस थाने में पुलिस अधिकारी पदस्थ हैं, उसी थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रतनपुर थाने में पदस्थ एएसआई ने शिकायतकर्ता को थाने परिसर में 20 थप्पड़ से ज्यादा सिर व गाल पर मार दिए। एसएसपी रजनेश सिंह से शिकायत के बाद उसी थाने में एएसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल बीते 12 अप्रैल को अपने पुराने परिवाद की जानकारी लेने थाने गए थे। दोपहर 2.30 बजे थाने में एएसआई दिनेश तिवारी ड्यूटी कर रहे थे। पीडि़त विनोद ने एएसआई तिवारी से केस के संबंध में पूछताछ की। साथ ही कोर्ट में जांच रिपोर्ट पेश करने की बात कही। इसी बात पर एएसआई गुस्से में आकर पीडि़त के साथ जमकर पिटाई कर दी। एएसआई तिवारी ने खड़े-खड़े पीडि़त विनोद को लगातार 20 थप्पड़ से ज्यादा सिर व चेहरे पर वार किया। जिससे वह अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गया। इसके बावजूद पुलिसकर्मी शांत नहीं हुआ। फिर पैर से भी मारा है। जिससे विनोद को चोटें आई है। उसे सुनाई देना बंद हो गया है।


