May 2, 2026
मतगणना सुपरवाइजरों की नियुक्ति पर तृणमूल कांग्रेस पहुंची सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले सियासी और कानूनी जंग तेज हो गई है। राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। पार्टी ने चुनाव आयोग के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें 4 मई को होने वाली मतगणना के लिए केवल केंद्र सरकार के कर्मचारियों को ही काउंटिंग सुपरवाइजर के रूप में तैनात करने की बात कही गई है। टीएमसी ने कलकत्ता हाईकोर्ट के 30 अप्रैल के उस आदेश को कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें अदालत ने मतगणना ड्यूटी से राज्य सरकार के कर्मचारियों को बाहर रखने के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को विशेष सुनवाई करने का निर्णय लिया है। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस जोयमाल्य बागची की पीठ इस मामले पर विचार करेगी।


