सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में प्रमुख भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में उन्हें बेहद करीब से तीन गोलियां मारीं, जिसके बाद अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे राज्य में तनाव फैल गया है।
बिरयानी खाने के दौरान हुआ हमला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ बुधवार देर रात मध्यमग्राम इलाके में एक सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोगों के साथ थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे वहां बिरयानी खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां चंद्रनाथ के सीने में लगीं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुवेंदु अधिकारी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।


