बोरवेल में गिरे 4 साल के बच्चे को 9 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला

 

होशियारपुर.  पंजाब के होशियारपुर जिले के चक समाना गांव में खुले बोरवेल में गिरे चार वर्षीय बच्चे को करीब नौ घंटे चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे की पहचान गुरकरण सिंह के रूप में हुई है, जो मजदूर दंपती हरिंदर और आशा का बेटा है।

यह हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे उस समय हुआ, जब गुरकरण अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह एक खुले बोरवेल में गिर गया, जिसे कथित तौर पर एक दिन पहले ही खोदा गया था।

करीब 30 फीट गहराई में फंसे बच्चे तक पहुंचने के लिए बचाव दल ने समानांतर गड्ढा खोदा और बाद में एक संकरी सुरंग बनाकर बोरवेल तक पहुंच बनाई। प्रशासन ने बच्चे की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बोरवेल में कैमरा और ऑक्सीजन पाइप भी डाला।

करीब रात 12:40 बजे गुरकरण सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी की। आशिका जैन ने बताया कि एनडीआरएफ के 40 से अधिक जवानों ने विशेषज्ञता के साथ अभियान को सफल बनाया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!