नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर 3 जून को एनएसयूआई करेगी मंत्री तोखन का घेराव
बिलासपुर. एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय एवं बिलासपुर जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए NEET UG 2026 पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार एवं युवाओं के भविष्य पर मंडरा रहे गंभीर संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने कहा कि, “आज देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। जो छात्र दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, उनका भविष्य पेपर माफियाओं और सरकार की लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। पिछले 10 वर्षों में देशभर में लगभग 89 बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जो यह साबित करता है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक होना अत्यंत गंभीर मामला है और NTA अब पारदर्शी संस्था नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का केंद्र बनती जा रही है। “जब लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर हो, तब इतनी बड़ी लापरवाही अस्वीकार्य है। NTA को तत्काल भंग कर नई, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा एजेंसी का गठन किया जाना चाहिए।”
जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि, “NEET परीक्षा से लगभग 22 लाख छात्रों का भविष्य जुड़ा हुआ है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन एक पेपर लीक उनके पूरे परिवार की उम्मीदें तोड़ देता है। यह केवल पेपर लीक नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों की हत्या है।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देशभर में छात्र सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है। “प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।”
एनएसयूआई नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से जांच कराने, पेपर लीक माफियाओं एवं उनके राजनीतिक संरक्षण की गहन जांच करने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा सुरक्षा कानून बनाए जाने की भी मांग रखी गई।
उन्होंने कहा कि, “जब सिस्टम कमजोर होता है, तब माफिया मजबूत होते हैं। सरकार परीक्षा नहीं संभाल पा रही है, केवल प्रचार कर रही है। देश का युवा अब जवाब मांग रहा है।”
अंत में एनएसयूआई ने आंदोलन की घोषणा करते हुए बताया कि 03 जून 2026 को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बिलासपुर के नेहरू चौक स्थित केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं छात्र-युवा शामिल होंगे।
एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि संगठन हमेशा छात्रों की आवाज बनकर खड़ा रहेगा और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय, जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा, प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश महासचिव अर्पित केसरवानी, प्रदेश सचिव लोकेश नायक सहित अन्य एनएसयूआई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


