खाद्य तेल भंडारण में लगी भीषण आग, पुलिस ने व्यापार विहार इलाके को कराया सुरक्षित
बिलासपुर. व्यापार विहार में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एजेंसी के दोनों ओर के मार्गों को बंद करा दिया। लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया।
व्यापार विहार जैसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में आग लगने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे, जिन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में गोदाम में रखा लाखों रुपए मूल्य का खाद्य तेल, पैकेजिंग सामग्री और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आग बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।
व्यापारियों का कहना है कि जिस तेजी से आग फैली, उससे नुकसान का दायरा काफी बड़ा होने की आशंका है।
घटना के पीछे प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है। तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी।
सबसे बड़ा सवाल: व्यावसायिक क्षेत्र में कैसे संचालित हो रहा था ऑयल टैंक सिस्टम?
घटना के बाद एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। बताया जा रहा है कि गोदाम परिसर के भीतर तीन ऑयल टैंक बने हुए थे, जिनमें खाद्य तेल का भंडारण किया जाता था। साथ ही पैकेजिंग और रिफिलिंग का काम भी यहीं किया जा रहा था।
जानकारों के अनुसार इस प्रकार के बड़े भंडारण टैंक सामान्यतः औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित किए जाते हैं। ऐसे में घनी व्यावसायिक बस्ती के बीच तेल भंडारण और प्रोसेसिंग गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


