नकली शराब बेचने वाला संगठित गिरोह पकड़ाया, रायगढ़ में आबकारी और पुलिस की टीम ने की संयुक्त कार्यवाही
रायगढ़. जिले में नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसने नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क की परतें उधेडक़र रख दी हैं। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में संयुक्त टीम की दबिश में एक ऐसे अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है, जहां नामी-गिरामी ब्रांडों की पैकेजिंग में मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही थी।
पुलिस ने मौके से 869 नग नकली शराब, लगभग 240 लीटर अवैध मदिरा, स्प्रिट के ड्रम, सैकड़ों ढक्कन, खाली बोतलें और पैकिंग सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री और शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये आंकी गई है।
मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह फरार हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिली गोपनीय सूचना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त रणनीति बनाई। पहले एक प्वाइंटर को शराब खरीदने भेजा गया। आरोपी से खरीदी गई शराब के लेबल, होलोग्राम, स्वाद और सुगंध में गड़बड़ी मिलने पर टीम ने तत्काल छापा मारा। दबिश के दौरान एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि पकड़े गए आरोपी दुष्यंत पटेल ने पूछताछ में पूरे रैकेट का खुलासा कर दिया।
थाना कोतरारोड़ में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 336(3), 336(4), 340(2), 275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36-च, 34(1)(क)(ख) एवं 59-क के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


