खोखरा जेल में दुष्कर्म आरोपी की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर मिला शव

 

जांजगीर-चांपा. जिला जेल खोखरा में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दुष्कर्म के मामले में बंद एक आरोपी का शव जेल के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान दुवास केवट के रूप में हुई है, जिसे एक दिन पहले ही न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोपी दुवास केवट को गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद 8 जून को उसे जिला जेल खोखरा भेजा गया था। मंगलवार सुबह जेल परिसर के बाथरूम में उसका शव कपड़े के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि 5 मार्च 2026 को एक नाबालिग बालिका घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर बलौदा थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच की मदद से बालिका को कोरबा जिले से बरामद किया था। जांच के दौरान दुवास केवट की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया था। जेल के अंदर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और जेल प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!