मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमर अग्रवाल ने स्वच्छता, वृक्षारोपण, विकास कार्यों एवं जनसंपर्क अभियान में की सहभागिता
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अंतर्गत नगर विधायक अमर अग्रवाल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।
अमर अग्रवाल ने वाल्मीकि चौक में आयोजित स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान किया तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर पूरे देश में स्वच्छता के क्षेत्र में द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुका है और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
इसी क्रम में लाल बहादुर शास्त्री मैदान में वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को सशक्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में जोन क्रमांक 5 के विभिन्न वार्डों में होने वाले विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। कार्यक्रम के दौरान 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत अमर अग्रवाल ने जोरा पारा, इंद्रविहार कॉलोनी इमलीभाठा, हरदेवलाल मंदिर के समीप, किला वार्ड, दुर्गा चौक, कातियापारा तथा संत रविदास नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, व्यवसायियों, समाज प्रमुखों, अधिवक्ताओं एवं अन्य प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है।
अमर अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर विधानसभा उत्तर मंडल के अंतर्गत सरकंडा स्थित लोधी पारा मोहल्ला बैराज का निरीक्षण भी किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं एवं आवश्यक जनसुविधाओं के संबंध में चर्चा की तथा आवश्यक सुधार कार्यों पर विचार-विमर्श किया।
इसके अतिरिक्त सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड, नूतन चौक सरकंडा में आयोजित वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में भी उन्होंने सहभागिता की। अभियान के दौरान झाड़ू लगाकर एवं पानी से परिसर की साफ-सफाई की गई तथा वृक्षारोपण कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकास और जनकल्याण के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाना है।


