
दुनिया के दो देशों, वेनेजुएला और जापान में आए भूकंप के जोरदार झटकों ने पूरी दुनिया को दहशत में डाल दिया. सबसे गंभीर हालात वेनेजुएला में देखने को मिले, जहां एक ही मिनट के अंतर पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए. अभी तक 32 मौतों की पुष्टि हुई है जबकि 700 लोग घायल बताए गए हैं. हालांकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानी USGS का अनुमान है कि भूकंप की वजह से मरने वालों की संख्या 10 हजार तक हो सकती है. जो तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं उनमें दिख रहा है कि भूकंप के झटकों से रिहायशी इमारतों से लेकर एयरपोर्ट तक ढह गए हैं. पूरे देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है. इन भूकंपों को पिछले 100 से ज्यादा वर्षों में वेनेजुएला में आए सबसे ताकतवर झटकों में गिना जा रहा है.उधर जापान में भी गुरुवार को 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. इसके झटके सैकड़ों किलोमीटर दूर टोक्यो तक महसूस किए गए. राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सुनामी की चेतावनी भी जारी नहीं की गई है.