केंद्रीय जेल बिलासपुर में कैदी की मौत, एक महीने में चौथी घटना

बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में एक बार फिर एक कैदी की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लगातार हो रही कैदियों की मौतों ने एक बार फिर जेल की स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान प्रभु कुमार मनहर (31 वर्ष), पिता राम कुमार मनहर, निवासी ग्राम विद्याडीह टांगर, थाना पचपेड़ी के रूप में हुई है। वह वर्ष 2024 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में निरुद्ध था। न्यायालय ने उसे पॉक्सो एक्ट के एक मामले में 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि प्रभु कुमार मनहर पिछले कुछ दिनों से सीने में दर्द की शिकायत कर रहा था। 15 जुलाई से उसका उपचार जेल अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई और सीने में तेज दर्द बढ़ने पर उसे तत्काल जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *