11 सूत्रीय मांगों को लेकर पटरवारी संघ ने आंदोलन की दी चेतावनी
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान करने की मांग की
बिलासपुर। जिले के पटवारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पदोन्नति और समयमान वेतनमान सहित अन्य प्रमुख मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिले के पटवारी बिना किसी पूर्व सूचना के कभी भी हड़ताल पर जा सकते हैं। संघ का यह निर्णय 18 जुलाई को संघ भवन, मंगला में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगपत्र में स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में खेतों में खरीफ फसल की बुआई पूरी हो चुकी है और लगातार हो रही बारिश के कारण नक्शा बटांकन का कार्य मौके पर जाकर करना संभव नहीं है। ऐसी स्थिति में फसल कटाई के बाद ही यह कार्य कराया जाना व्यावहारिक होगा। एग्रीस्टैक के कार्य को लेकर भी पटवारियों ने गंभीर कठिनाइयों का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि संयुक्त खातेदारों की मृत्यु, पलायन, पारिवारिक विवाद, गंभीर बीमारी जैसी परिस्थितियों के कारण निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करना संभव नहीं है। इसलिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए। डीसीएस सर्वेयरों के लंबित मानदेय को लेकर कहा कि सर्वेयरों के भुगतान और दस्तावेजों का पूरा काम तहसील कार्यालय से संचालित किया जाए ताकि पटवारियों पर अनावश्यक दबाव न बने।


