अरपा किनारे नशीली दवा और गांजा बेचते युवक को पुलिस ने दबोचा
139 नाइट्राजेपाम टैबलेट, 800 ग्राम गांजा, बाइक और नकदी जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को नशीली दवाइयों और गांजा की बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 139 नाइट्राजेपाम (नाइट्रोसन) टैबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की ₹1000 नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरपा नदी के किनारे पचरीघाट क्षेत्र में एक युवक नशीली दवाइयों और गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी देवेंद्र इंगले (23) निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 139 नग नाइट्राजेपाम (नाइट्रोसन) टैबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की ₹1000 नकद राशि तथा सीजी-10/3568 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामग्री के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 446/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ एंड-टू-एंड विवेचना के साथ वित्तीय जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) भी की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।


