नशा मुक्ति के लिए चलेगा देशव्यापी जनजागरण अभियान
15 शहरों में विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाएंगे
बिलासपुर। ब्रम्ह कुमारीज के साइंटिस्ट व इंजीनियरिंग विंग द्वारा संचालित 29वें देशव्यापी पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन व नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के अंतर्गत बिलासपुर को छत्तीसगढ़ का पहला पड़ाव बनाया गया। इस अवसर पर विंग के राष्ट्रीय समन्वयक भारत भूषण भाईजी ने कहा कि यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन व नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण का संदेश लेकर देशभर में चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान का शुभारंभ 26 जुलाई को रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से हुआ। बिलासपुर इसका प्रथम पड़ाव है। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 15 शहरों में विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं अन्य संस्थानों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। भारत भूषण भाईजी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा उसके विकसित होने तक संरक्षण देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
10 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का पहुंचाएंगे संदेश
उन्होंने जानकारी दी कि 3 अगस्त से 25 अगस्त तक देशव्यापी नशा मुक्ति महाअभियान चलाया जाएगा। इसमें ब्रह्माकुमारीज़ के हजारों सेवा केंद्रों तथा लगभग 25 लाख स्वयंसेवकों की सहभागिता रहेगी। अभियान का लक्ष्य देशभर में 10 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाना है।


