रेलवे में अपराधियों की अब खैर नहीं, बिलासपुर रेंज आईजी का बड़ा एक्शन प्लान
स्टेशन लगेंगे एफआरएस कैमरे
बिलासपुर। रेलवे क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी और फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) तकनीक से लैस कैमरे लगाने, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने तथा रात में ट्रेनों की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने 28 जुलाई को रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस तथा बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और सक्ती जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेलवे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर नियंत्रण तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सीसीटीवी और फेसियल रिकग्निशन सिस्टम लगाए जाएंगे। सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को एक माह के भीतर आदतन अपराधियों, नशा तस्करों और लापता बच्चों का डेटाबेस आरपीएफ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। आईजी ने रेलवे के जरिए होने वाली गांजा, हेरोइन, सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस की संयुक्त सरप्राइज चेकिंग टीम गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे की संपत्ति चोरी कर बेचने वाले कबाड़ी गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर रेलवे संपत्ति अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा।


