जूनियर डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन, हड़ताल की दी चेतावनी
17 सूत्रीय मांगों को पर निर्णय लेने शासन से की अपील
बिलासपुर। सजूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) छत्तीसगढ़ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर रविवार को सिम्स बिलासपुर के इंटर्न और पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों ने ब्लैक रिबन पहनकर शांतिपूर्ण सांकेतिक रैली निकाली और सम्मानजनक स्टाइपेंड सहित 17 सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जेडीए्र के आह्वान पर प्रदेश के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एक साथ प्रदर्शन किया गया। डॉक्टरों ने अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी एकजुटता दिखाई और कहा कि यह किसी टकराव का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। एक माह पहले संगठन ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री, वित्त मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य संचालक, चिकित्सा शिक्षा संचालक और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया।


