नगरदा वॉटरफॉल में काई में पैर फिसलने से खाई में गिरा युवक
कोरबा। पड़ोसी सक्ती जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट नगरदा वॉटरफॉल में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। वॉटरफॉल के ऊपर चट्टान पर नहाने के दौरान काई में पैर फिसलने से उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल संतुलन खो बैठा और सीधे गहरी चट्टानों के नीचे जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गत दिवस रोशन पटेल अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने नगरदा वॉटरफॉल गया था। नहाते समय चट्टान पर जमी काई की वजह से उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरा। इससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद दोस्तों ने ग्रामीणों के सहयोग से उसे तत्काल चांपा के बीडीएम (BDM) अस्पताल पहुँचाया, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। साथ ही अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण उसके फेफड़े और लीवर भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


