लोको पायलट के सूने मकान में चोरी करने के बाद कैमरे से बचने छाता से चेहरे को ढंककर घूमता रहा आरोपी
सरकंडा थाना क्षेत्र का मामला, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। लोको पायलट के सूने मकान में चोरी करने के बाद आरोपी युवक ने सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए चेरहे में नाकाब बांध लिया। फिर छाता ओढक़र मोहल्ले में घूमता रहा। चोर ने घर से करीब 10 लाख रुपए पार कर दिया है। इस मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकंडा पुलिस ने बताया कि राजकिशोर नगर शनि मंदिर के पीछे रहने वाले रेलवे लोको पायलट सदानंद बघेल 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे परिवार के साथ बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने भिलाई गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। 15 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी राजेश सोनी ने सदानंद बघेल को फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार वापस बिलासपुर पहुंचा। सुबह करीब 9.15 बजे घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मकान के दरवाजे और बेडरूम की आलमारी के साथ लॉकर भी टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान और कपड़े बिखरे पड़े थे। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने के तीन सेट, दो मंगलसूत्र, दो चूडिय़ां, दो चेन, डायमंड रिंग, चोकर सेट, हार, सीताहार, कान के टॉप्स-बालियां सहित चांदी की चार जोड़ी पायल और 10 बिछिया चोरी कर ले गया है।
चोर की हरकत सीसीटीवी में कैद
चोरी की जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। फुटेज में संदिग्ध युवक राजकिशोर नगर की अलग-अलग गलियों में छाता और गैंती लेकर घूमता दिखाई दे रहा है। उसने कैमरों से अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर गमछा बांध रखा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 5 से 6 किलोमीटर के क्षेत्र में घूमता रहा।


