रतनपुर मंदिर परिसर में बजरंग दल का प्रदर्शन, ट्रस्ट पर भेदभाव का लगाया आरोप
मंदिर की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल थे तैनात
बिलासपुर। रतनपुर स्थित मां महामाया देवी मंदिर परिसर में रविवार को बजरंग दल व अन्य हिंदू सगंठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। साथ ही मंदिर परिसर में दुकान संचालन की व्यवस्था में भेदभावपूर्ण रवैया नहीं अपनाने की मांग की।
रतनपुर मंदिर परिसर में बीते 22 अगस्त को भाजपा नेताओं के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट द्वारा भागवत उर्फ राहुल पटेल, ईश्वर प्रधान, चिंकी प्रधान और राजू शर्मा को सात दिन के भीतर दुकानें हटाने का नोटिस जारी किए। रविवार को बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और हिंदूवादी नेताओं ने ट्रस्ट कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए नोटिस वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हिंदू आस्था के प्रमुख केंद्र मां महामाया देवी मंदिर परिसर में मुस्लिम व्यक्ति को दुकान संचालन की अनुमति दी गई, लेकिन विवाद के बाद कार्रवाई का निशाना हिंदू दुकानदारों को बनाया जा रहा है। इसे संगठनों ने भेदभावपूर्ण कार्रवाई बताते हुए मंदिर परिसर में गैर-हिंदुओं को दुकान संचालन व अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति नहीं देने की मांग की।


