जनसेवा, संगठन मजबूती और विकास कार्यों को मिली गति विधायक अमर अग्रवाल ने विभिन्न कार्यक्रमों में की सहभागिता

 

बिलासपुर। विधायक अमर अग्रवाल ने सोमवार को शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर सामाजिक सरोकार, जनसंवाद, संगठनात्मक गतिविधियों एवं विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता की।

विधायक श्री अग्रवाल ने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, छत्तीसगढ़ इकाई बिलासपुर द्वारा आयोजित सर्व समाज रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से मुलाकात की। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा का पुनीत कार्य बताते हुए रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

इसके पश्चात ‘अपनों से मुलाकात’ कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अवगत कराया। विधायक श्री अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की छोटी से छोटी समस्या भी उनकी अपनी समस्या है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

विधायक श्री अग्रवाल ने भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला बिलासपुर शहर की जिला कार्यसमिति बैठक में भी सहभागिता की। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्ययोजनाओं एवं जनहित के कार्यों को लेकर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की ऊर्जा और शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को और मजबूत करते हुए पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

इसी क्रम में उन्होंने व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान को अधिक सुंदर, हरित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि उद्यान के विकास से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण के साथ एक सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

वहीं मधुबन स्थित मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों के लिए 40 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले कार्य का भूमिपूजन भी किया। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा परिसर अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनेगा।

विधायक श्री अग्रवाल ने कहा कि जनता से सीधा संवाद, संगठन की मजबूती और शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार—इन सभी क्षेत्रों में निरंतर कार्य करना ही जनप्रतिनिधि के रूप में प्राथमिकता है। बिलासपुर के समग्र विकास के लिए विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *