शांति, सद्भाव और भाईचारे के लिए एकजुट हुआ बिलासपुर

 

 

कलेक्टर-एसएसपी के नेतृत्व में निकला शांति मार्च, सभी वर्गाें ने दिखाई सहभागिता
बिलासपुर. कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के नेतृत्व में आज बिलासपुर में शांति मार्च निकाला गया। शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए आयोजित इस मार्च में विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। शांति मार्च नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान शामिल लोगों ने आपसी एकता बनाए रखने और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने का संदेश दिया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना विश्वास नहीं करने और न ही उसे आगे प्रसारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों व मीडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। आपसी सहयोग और जिम्मेदारी से ही शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है। विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों के लोगों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे से है। उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। समिति के सदस्यों ने शहर की शांति व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी। शांति मार्च में सभी वर्गों की सहभागिता ने बिलासपुर की सामाजिक एकता और शांतिप्रिय परंपरा को प्रदर्शित किया। नागरिकों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ शहर में शांति एवं सद्भाव को निरंतर मजबूत बनाया जाएगा।
शांति मार्च में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *