पत्थरबाजी मामले के चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

 

राम सिंह समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बिलासपुर। रक्षाबंधन पर्व की रात खपगंज मोहल्ले में पत्थरबाजी व हिंसा करने वाले चार उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा नेहरू चौक से आरोपियों का जुलूस निकाला गया। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अभी अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मसानगंज में हिंसा फैलाने के बाद से दोनों गुटों के लोग फरार हैं। पुलिस की अलग-अलग टीम मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान वीडियो फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। इसी आधार पर आरोपियों को पकड़ा जा रहा है। शनिवार को पुलिस टीम ने आरोपी अक्षय सिंह पिता अजीत सिंह (28) निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी तिफरा, अभय शर्मा उर्फ जीनू पिता प्रमोद शर्मा (26) निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी तिफरा, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू पिता राजेश गोस्वामी (21) निवासी टिकरापारा शिव टॉकीज चौक, सतानंद साहू पिता पिल्लू साहू (25) निवासी भगत सिंह आजाद नगर तिफरा को गिरफ्तार किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस टीम द्वारा सभी आरोपियों का जुलूस निकाली गई।

सुरक्षा के बीच आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच जिला न्यायालय में पेश किया गया। नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक ले जाने के दौरान सडक़ पर कड़ा पुलिस पहरा नजर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी, सीएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है।

तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी
चार और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में कुल 26 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *