अब सुरों की दुनिया में छाएंगे जय प्रकाश मिश्रा

मुंबई /अनिल बेदाग : सिनेमा में अपनी रचनात्मक सोच और अलग दृष्टिकोण के साथ पहचान बनाने की राह पर आगे बढ़ रहे निर्देशक जय प्रकाश मिश्रा इन दिनों अपने बहुआयामी रचनात्मक सफर को लेकर चर्चा में हैं। उनकी तीन फिल्में ‘नोट बुक बैग’, ‘टेम्परामेंट’ और ‘द लास्ट कॉल’ हंगामा ओटीटी पर दर्शकों तक पहुंच रही हैं और इन्हें दर्शकों का अच्छा प्यार मिल रहा है। निर्देशन के बाद अब जय प्रकाश मिश्रा संगीत की दुनिया में भी अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।
स्मिता पांडे प्रोडक्शन के बैनर तले बनी ‘नोट बुक बैग’ उनके निर्देशन सफर की खास फिल्मों में शामिल है। वहीं ‘टेम्परामेंट’ का निर्माण स्मिता पांडे प्रोडक्शन और यश सिनेमा के संयुक्त बैनर तले हुआ है। फिल्म में प्रत्यूष मिश्रा, दीपक सिन्हा और ज्योति प्रजापति प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं। इसके अलावा ‘द लास्ट कॉल’ में सुनील मनी और सुरभि आर्या प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
जय प्रकाश मिश्रा कहते हैं, “मेरे लिए सिनेमा सिर्फ कहानी कहने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी रचनात्मक सोच को दर्शकों तक पहुंचाने का जरिया है। ‘नोट बुक बैग’, ‘टेम्परामेंट’ और ‘द लास्ट कॉल’ को ओटीटी पर दर्शकों का जो प्यार मिल रहा है, वह मेरे लिए बेहद उत्साहजनक है।”
अब उनकी रचनात्मक उड़ान संगीत के वीडियो निर्देशन की ओर है। उनके दो हिंदी गीत ‘ओ-सावरे’ और ‘तेरे बिन’ जल्द ही शेमारू म्यूजिक के माध्यम से रिलीज किए जाएंगे। इन गीतों को लेकर संगीत प्रेमियों में पहले से ही उत्सुकता दिखाई दे रही है। संगीत निर्देशन में अपनी एंट्री को लेकर जय प्रकाश मिश्रा कहते हैं, “संगीत हमेशा से मेरे रचनात्मक सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। ‘ओ-सावरे’ और ‘तेरे बिन’ मेरे लिए सिर्फ दो गाने नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को एक नए माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की कोशिश हैं। उम्मीद है कि दर्शकों को इन दोनों गीतों में अपनी भावनाओं की झलक मिलेगी।”
फिल्मों से ओटीटी और अब संगीत तक जय प्रकाश मिश्रा का सफर यह दिखाता है कि रचनात्मकता किसी एक माध्यम तक सीमित नहीं होती। फिल्मों के निर्देशन के बाद संगीत के वीडियो निर्देशन में उनकी नई शुरुआत उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को एक नया आयाम देने जा रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *