जयरामनगर रेलवे फाटक के पास 13 किलो गांजा जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार
एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की कार्रवाई, ओडिशा से सस्ते में खरीदकर बिलासपुर में खपाने की थी तैयारी
बिलासपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयरामनगर रेलवे फाटक के पास 13 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में दो पुरुष, एक महिला सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। जब्त गांजे की कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे तीन पुरुष और एक महिला पिट्ठू बैग व झोले में गांजा लेकर खड़े हैं। वे गांजा बेचने के लिए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने आकाश सिसोदिया (21), उसकी पत्नी पूर्वा मालिया (20), कृष्णा पाण्डेय (23), सभी निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, तथा नीरज नायक (19), निवासी उमरिया मध्यप्रदेश को पकड़ा। कार्रवाई में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दाम पर खरीदकर ग्राम मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने के लिए लाना बताया। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 640/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा डीएसपी एसीसीयू एवं एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में की गई। इसमें एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


