एफआईआर में उद्धव, आदित्य ठाकरे और अभिनेताओं-अफसरों के नाम
नयी दिल्ली. दिवंगत अभिनेेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान की संदिग्ध हालात में हुई मौत के करीब छह साल बाद मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गई है। सीबीआई ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की है। इसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके बेटे एवं विधायक आदित्य ठाकरे, अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, अभिनेता डिनो मोरिया और सूरज पंचोली समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जानी है।
एफआईआर में रिया के भाई शोविक चक्रवर्ती, सचिन वाझे, मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह और अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं।
एफआईआर के अनुसार, इन लोगों की भूमिका मुख्य अपराध को अंजाम देने, आपराधिक साजिश, बाद में आत्महत्या की कथित झूठी कहानी तैयार करने और उसे फैलाने तथा सबूतों को छिपाने, नष्ट करने व उनमें हेरफेर करने के संबंध में जांच के दायरे में है। केंद्रीय एजेंसी ने हत्या, गैंगरेप, आपराधिक साजिश, सबूत नष्ट करने और झूठी जानकारी देने से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।


