तीन बच्चियों की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत
स्कूल न जाकर नहाने चली गई थीं
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव में गुरुवार को तीन छोटी बच्चियों की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) तीनों कक्षा पहली की छात्राएं और किसान परिवार से थीं। तीनों सहेलियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर में तालाब में नहाने पहुंच गईं।
शाम को जब परिजन काम से लौटे तो बच्चियां घर पर नहीं थीं। परिजन और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। एक ग्रामीण तालाब पहुंचा तो मेड़ पर चप्पल और कपड़े मिले। वहीं इंदु का शव पानी में तैरता दिखा। सूचना पर भीड़ लग गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से इंदु का शव निकाला गया। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद किए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। आशंका है कि नहाने के दौरान एक बच्ची डूबने लगी होगी और उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों भी पानी में उतर गईं, जिससे तीनों की मौत हो गई। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि जांच जारी है। गांव में मातम पसरा हुआ है।


