जंगल में एक ही फंदे पर लटके मिले युवक-युवती के शव
लेमरू थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस प्रेम-प्रसंग के कोण से कर रही जांच
कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अरतेरा में शनिवार शाम उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब गांव से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में एक युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके पाए गए। जंगल गए ग्रामीणों की नजर जब पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटकते शवों पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों को दी।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। मौके पर मौजूद सुख सिंह यादव और प्रेमसाय के परिजनों ने मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21 वर्ष) तथा मुनिता (18 वर्ष) के रूप में की। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी थे और बचपन से साथ पले-बढ़े थे।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम तक दोनों अपने-अपने घरों में ही मौजूद थे। इसके बाद वे कब और किन परिस्थितियों में घर से बाहर निकले, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। शनिवार सुबह जब दोनों अपने घर पर नहीं मिले, तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान ही जंगल में दोनों के शव मिलने की खबर सामने आई।
प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या का अंदेशा
दोनों के शव एक ही फंदे से लटके मिलने के कारण प्राथमिक दृष्टया मामले को प्रेम प्रसंग से जोडक़र देखा जा रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि प्रेम संबंध में असफलता के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों और दोनों के घर से निकलने की परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है।


