रतनपुर की फिजा बिगाडऩे की कोशिश का आरोप, प्रशासन अलर्ट

 

 

कलेक्टर बोले— शांति और भाईचारा हर हाल में कायम रहेगा
हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य फैलाने और धार्मिक भावनाएं भडक़ाने का आरोप
कलेक्टर-एसएसपी से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

बिलासपुर.  धार्मिक नगरी रतनपुर के शांतिपूर्ण माहौल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर के कुछ लोगों ने जिला कलेक्टर और एसएसपी बिलासपुर को शिकायत सौंपकर कुछ लोगों पर कथित तौर पर सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे और हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और सामाजिक भाईचारा बनाए रखने का भरोसा दिलाया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि महामाया पारा वार्ड निवासी राजू शर्मा और उनकी पत्नी स्वीटी शर्मा द्वारा कथित तौर पर अलग-अलग संगठनों और लोगों के माध्यम से विश्व प्रसिद्ध मां महामाया देवी मंदिर परिसर में लोगों को भडक़ाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि बीते दिनों मंदिर ट्रस्ट परिसर में देश-प्रदेश से दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के सामने कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अमर्यादित नारे लगाए गए। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि नारेबाजी के दौरान मंदिर से जुड़े लोगों और बाहर से आए लोगों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, शिकायत में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

निजी स्वार्थ के लिए माहौल बिगाडऩे की कोशिश का आरोप
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निजी स्वार्थ के लिए रतनपुर में हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि रतनपुर धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के लिए भी जाना जाता है, इसलिए किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मां महामाया देवी मंदिर परिसर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल को किसी भी तरह की सांप्रदायिक गतिविधि या विवाद का केंद्र बनने से रोकने की मांग की गई है।

कलेक्टर का भरोसा—रतनपुर में शांति और एकता बनी रहेगी
मामले को लेकर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों से शांति और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धार्मिक नगरी रतनपुर में शांति और भाईचारा कायम रहेगा। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम फैलाने वाली बातों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाली किसी भी गतिविधि को लेकर आवश्यक स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से संयम बरतने और किसी भी विवादित सूचना को सत्यापित किए बिना आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *