खेत में घुसे हाथियों ने किसान को दौड़ाकर कुचला, सिम्स में मौत
जीपीएम व कोरबा जिले के सीमा जंगलों पर 52 हाथियों का दल सक्रिय
बिलासपुर. खेत में घुसे हाथियों को भगाने के लिए देर रात किसान पहुंच गया। फिर हाथियों के झूंड ने किसान को दौड़ाकर कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन ने उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई।
इन दिनों गौरेला-पेंड्र-मरवाही और कोरबा जिले के सीमा क्षेत्र के जंगल में 52 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। शुक्रवार की रात 11 बजे मरवाही वन मंडल के पसान क्षेत्र के ग्राम खोडरी निवासी प्रताप सिंह पिता फूल सिंह (42) के खेत में हाथियों का दल घुस गया। इसकी सूचना मिलने पर किसान प्रताप सिंह खेत पहुंच गया और फसल को बचाने के लिए हाथियों को भगाने का प्रयास किया। इस दौरान हाथियों के झूंड ने दौड़ाकर उसे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। देर रात परिजन ने उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान घायल किसान की मौत हो गई।


