उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे रातों-रात काटे नीलगिरी के पेड़, बिल्डर को नोटिस
निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के लिए सरकारी जमीन पर कटाई का आरोप
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
बिलासपुर. मंगला चौक से उसलापुर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे नीलगिरी के पेड़ काटने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास पेड़ों की कटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने संबंधित बिल्डर को नोटिस जारी किया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेड़ काटने की गतिविधि छिपाने के लिए संबंधित हिस्से को ग्रीन नेट से ढंक दिया गया था। हालांकि, लोगों ने कटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के नक्शे के विपरीत बनाए जाने की शिकायत भी सामने आई है। एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी के अनुसार, दो दिन पहले पेड़ काटे जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद राजस्व निरीक्षक को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान दो नीलगिरी के पेड़ कटे हुए मिले। अधिकारियों ने तत्काल कटाई रुकवा दी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि उनके कार्यालय से पेड़ काटने की कोई अनुमति जारी नहीं की गई है। बिल्डर से जवाब मिलने के बाद अर्थदंड सहित अन्य कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
जमीन और निर्माण की अनुमति की भी जांच
वन विभाग के अधिकारियों ने संबंधित जमीन को राजस्व भूमि बताया है। अब प्रशासन यह पता लगाएगा कि पेड़ काटने के लिए किसी विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही कॉम्प्लेक्स के निर्माण में स्वीकृत नक्शे और नियमों का पालन हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी नगर निगम, नगर तथा ग्राम निवेश विभाग और वन विभाग से जुटाई जा रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


